राघोपुर के दौलतपुर में भीषण अग्निकांड, 200 से अधिक घर जलकर राख

SHARE:

राघोपुर संवाददाता

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर दौलत पंचायत स्थित दौलतपुर गांव के वार्ड संख्या 6 और 7 के शर्मा टोला में गुरुवार की शाम अचानक आग लग गई। आग की लपटें सबसे पहले खुटल शर्मा के घर से उठीं और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दोनों वार्डों के सैकड़ों घर जलकर राख हो गए।

दमकल की देरी बनी भारी

आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत राघोपुर थाना, सीओ और बीडीओ को फोन कर दमकल बुलाने की मांग की। हालांकि, राघोपुर प्रखंड में दमकल की सुविधा नहीं होने के कारण फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी। करीब दो घंटे बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गांव के सैकड़ों परिवार बेघर हो चुके थे।

सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ा

इस भयावह अग्निकांड में बिरेन शर्मा, छूतहरु शर्मा, चंदू शर्मा, मुकेश शर्मा, रामु शर्मा, नुनूलाल शर्मा, रमेश शर्मा, श्याम शर्मा, नरेश शर्मा, रामदेव शर्मा, राजकुमार शर्मा, खुटल शर्मा, ब्रह्मदेव शर्मा, बुचाय शर्मा सहित सैकड़ों लोगों के घर जलकर खाक हो गए। घरों के साथ ही अनाज, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी सामान भी राख में तब्दील हो गए।

गांव में पसरा मातम

आग लगने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। हर ओर पीड़ितों की चीख-पुकार गूंज रही थी। लोग अपना सब कुछ खोकर बेसहारा हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि “हमने किसी का क्या बिगाड़ा था जो भगवान ने हमारी दुनिया उजाड़ दी।”

प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया भूपेंद्र मेहता समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। राघोपुर थाना की पुलिस और अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस सहायता नहीं मिली है।

स्थानीय लोगों ने की मुआवजे की मांग

इस अग्निकांड में करीब 50-60 परिवारों के 200 से अधिक घर जल गए हैं। पीड़ित परिवारों ने सरकार से शीघ्र मुआवजा देने और पुनर्वास की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए दमकल की सुविधा को मजबूत किया जाए।

इस बावत राघोपुर सीओ रश्मि प्रिया ने बताई की घटना स्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्यवाई की जा रही है।

खबरें अभी और हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!