सुपौल के भपटियाही में अज्ञात वाहन ने कुचला, घटनास्थल पर ही हुई मौत
सुपौल संवाददाता;
सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना भपटियाही बाजार के समीप एनएच-27 पर हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्थानीय व्यवसायी शंकर साह (उम्र लगभग 50 वर्ष) को कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
मृतक शंकर साह भपटियाही के निवासी थे और खाद-बीज व किराना की दुकान चलाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह गुरुवार सुबह किसी जरूरी कार्य से ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुच गए। वहीं, जब मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी मिली, तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवासी की हालत में मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर पर यातायात की निगरानी कड़ी की जाए और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
सूचना मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
खबरें और भी है…..





