राघोपुर संवाददाता;
पिछले दो दिनों से हो रही तेज हवा और बारिश ने राघोपुर क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जहां एक ओर खेतों और खलिहान में रखी गेहूं की फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बुधवार की रात तेज बारिश और आंधी के चलते पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसी बीच रेफरल अस्पताल राघोपुर परिसर में जेनरेटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल की गई थी, लेकिन देर रात करीब ढाई बजे ठनका गिरने से जेनरेटर में तेज धमाका हुआ और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे अस्पताल में ओपीडी सेवा, एक्स-रे, दवा काउंटर, इमरजेंसी वार्ड, ड्रेसिंग वार्ड, डॉक्टर चेम्बर, प्रसव कक्ष सहित अन्य सभी सेवाएं प्रभावित हो गईं। आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर रविन्द्र ने बताया कि तेज आवाज के साथ जेनरेटर बंद हो गया और उसके बाद बिजली सेवा पूरी तरह ठप हो गई। वहीं, बीएचएम नोमान अहमद ने जानकारी दी कि ठनका गिरने से जेनरेटर समेत कई बिजली उपकरण जलकर खराब हो गए हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन द्वारा तत्परता दिखाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की गई और सभी सेवाएं ऑफलाइन माध्यम से पुनः शुरू कर दी गई हैं।
खबरें और भी है….





