प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मधुबनी रैली को लेकर तैयारियों में जुटी भाजपा, कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;

आगामी 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मधुबनी में प्रस्तावित रैली को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को भाजपा सुपौल जिला इकाई के जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने सिमराही बाजार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 24 अप्रैल को मधुबनी पहुंचेंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल मधुबनी ही नहीं, बल्कि सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और अररिया जैसे आस-पास के जिलों के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में मधुबनी पहुंचें और प्रधानमंत्री के भाषण को सुनकर केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी लें।

भाजपा कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं और रैली की व्यापक तैयारी में लगे हुए हैं। मौके पर जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, सिमराही नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, समाजसेवी सुनील कुमार नायक, सत्यम माधोगरिया, प्रशांत वर्मा, गुड्डू दास, कमलेश प्रधान सहित अन्य मौजूद थे।

खबरें और भी है..

 

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!