राघोपुर संवाददाता;
सुपौल जिले के सिमराही बाजार के दवा व्यवसायी चंदन कुमार चौधरी पर 12 अप्रैल की रात हुई जानलेवा हमले की घटना ने स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। लूट में विफल रहने पर अपराधियों ने राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव स्थित उनके आवास के सामने उन्हें गोली मार दी। इस हमले में चंदन कुमार को दो गोलियां लगीं, और वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। फिलहाल वे सुपौल के एक निजी अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
इस घटना के विरोध में राघोपुर मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को सिमराही बाजार की सभी दवा दुकानों ने पूर्ण रूप से दुकानें बंद रखीं। एसोसिएशन के अध्यक्ष बिन्दा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि “दवा व्यवसायी चंदन कुमार पर घर के बाहर हमला होना हम सभी के लिए चिंता का विषय है। अब दवा जैसे सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से व्यवसायियों में डर और दहशत का माहौल है। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
विरोध प्रदर्शन में मो. रहमान, रौशन साह, सेन्टु यादव, संजय चौधरी, छोटु साह, नीतीश यादव, अभ्यास ठाकुर, मो. समीम, प्रकाश पाण्डेय, मो. कल्लू, कुन्दन दास, प्रतोष पाण्डेय, और संतोष सिंह सहित कई दवा व्यवसायी शामिल हुए।
खबरें और भी है…





