राघोपुर संवाददाता;
भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय रविवार को सुपौल जिले के सिमराही बाजार पहुंचे, जहां होटल रमेश में आयोजित कार्यक्रम में उनका भव्य स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार राय के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, बुद्धिजीवी व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मंत्री नित्यानंद राय ने आगामी 24 अप्रैल को मधुबनी जिले के बिंदेश्वर स्थान में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का है जिसने देश के विकास में भागीदारी की है और सरकार की योजनाओं का लाभ लिया है।
उन्होंने कोशी क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि पहले की सरकारें कोशी क्षेत्र के विकास को असंभव मानती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने सड़क, रेल और अन्य बुनियादी ढांचे के माध्यम से इस क्षेत्र को जोड़ने और आगे बढ़ाने का काम किया है। अब कोशी का विकास देश के समांतर हो रहा है।
मंत्री राय ने स्थानीय सामाजिक, व्यावसायिक एवं धार्मिक संगठनों से अपने-अपने बैनर तले अधिक से अधिक संख्या में लोगों को पीएम मोदी के कार्यक्रम में ले जाने की अपील की।
इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने मंत्री को सिमराही बाजार में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से एक दवा व्यवसायी पर हुए जानलेवा हमले का मामला उठाया, जिसमें अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर मंत्री राय ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी के साथ कोई भी आपराधिक घटना घटती है, तो स्थानीय व्यापारी संगठन उन्हें तुरंत सूचित करें और अपराधियों के नाम उजागर करें। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नाम उजागर करने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल, जदयू नेता बैद्यनाथ यादव, भाजपा नेता बैद्यनाथ भगत, पूर्व प्रमुख महेंद्र प्रसाद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, सीमा कुशवाहा, अर्चना मेहता, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, ममता झा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, महामंत्री प्रशांत वर्मा, मंडल अध्यक्ष भरत सिंह, बिपिन साह, आलोक चौधरी, व्यवसाई राधेश्याम भगत, रिंकू भगत, विजय मंडल, दीपक गुप्ता, मोनू कर्ण, आशीष चौधरी, अभिनंदन दास, शुभम राज, सेवानिवृत्त शिक्षक सुनील कुमार नायक सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
खबरें और भी है….





