प्रतापगंज | संवाददाता;
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया महादेव मंदिर के समीप एनएच-27 पर सोमवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब छह बजे उस वक्त हुआ, जब मां-बेटा सड़क पार कर रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों जैसे ही सड़क पार करने लगे, तभी एक तेज़ रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल डाला और मौके से फरार हो गया। इस हादसे में गढ़िया वार्ड संख्या-14 निवासी घनश्याम यादव का तीन वर्षीय एकलौते पुत्र बाबूल कुमार घटनास्थल पर ही दम तोड़ बैठा, वहीं उसकी मां पूनम देवी (35 वर्ष) बुरी तरह घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर प्रतापगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी मच गई, पर मौके पर मौजूद लोगों में संवेदनहीनता का आलम यह रहा कि कोई भी घायल महिला और मृत बच्चे की मदद के लिए आगे नहीं आया। काफी देर बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए महिला को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अब अज्ञात ट्रक की तलाश में जुट गई है। उधर, मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घटनास्थल पर यातायात नियंत्रण हेतु ठोस उपाय किए जाएं और दोषी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने एनएच 27 को जाम कर प्रदर्शन करने लगा। वहीं सूचना पर पहुँचे प्रतापगंज थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास करने लगा। लोगों ने फरार ट्रक को पकड़ने और दोषी चालक के ऊपर कार्यवाई की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष के द्वारा काफी प्रयास के बाद एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त करवाया गया। उसके बाद पुनः आवागमन बहाल हो सका।
खबरें और भी है……
Author: News Bihar Live
Post Views: 726





