दवा व्यवसायी गोलीकांड मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, राघोपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;
राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में दवा व्यवसायी चंदन कुमार चौधरी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास भरना वार्ड 4 निवासी लालदेव यादव के पुत्र जीवछ कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में शनिवार को बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने राघोपुर थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना बीते 12 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है, जब चंदन कुमार अपने भाई सुमित कुमार चौधरी के साथ सिमराही बाजार स्थित अपनी दवा दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें लूटने का प्रयास किया। लूट में असफल होने पर अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे चंदन कुमार को दो गोलियां लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुपौल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में राघोपुर थाना में कांड संख्या 138/25 तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद एक आरोपी नीरज कुमार यादव को मौके से ही ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। अब पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी जीवछ कुमार को बीरपुर अनुमंडल मुख्यालय स्थित बसंतपुर प्रखंड मुख्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया है। जिसे जेल भेजा जा रहा है। बताया कि इस कार्रवाई में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अपर थानाध्यक्ष जैनेन्द्र कुमार झा, पुअनि मुकुल आजाद एवं सशस्त्र बल शामिल थे। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!