सुपौल: सिमराही बाजार में बांग्लादेशी झंडा लगे कार का मामला, पुलिस ने की कार्रवाई

SHARE:

सुपौल, प्रतिनिधि।

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में मंगलवार को एक क्विड कार पर बांग्लादेश का झंडा लगे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कार चालक बेखौफ तरीके से बाजार में गाड़ी चलाते हुए देखा गया। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। कार पर लगा नंबर प्लेट सुपौल जिला परिवहन कार्यालय से जारी किया गया था। गाड़ी का पंजीकरण संख्या बीआर 50के 7641 है, जो बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत सीतापुर पंचायत के विशनपुर वार्ड 01 निवासी देव नारायण भिंडवार के पुत्र देवेंद्र कुमार यादव के नाम से दर्ज है।

मामला सामने आने के बाद मीडिया कर्मियों ने इसकी सूचना सुपौल एसपी को दी, जिसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। दोपहर करीब डेढ़ बजे सुपौल सदर थाने की पुलिस ने शहर के डिग्री कॉलेज चौक से गाड़ी को बरामद कर लिया। गाड़ी मालिक देवेंद्र कुमार यादव को भी पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया।

संगठन का झंडा बताया, भूलवश लोगो नहीं था अंकित
सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार के अनुसार गाड़ी मालिक ने दावा किया कि वह जिला किसान संघर्ष समिति का बसंतपुर प्रखंड संयोजक है और झंडा उसी संगठन का है। भूलवश झंडे के लाल गोल निशान पर संगठन का नाम अंकित नहीं हो पाया, जिससे यह बांग्लादेशी झंडा प्रतीत हुआ। पुलिस ने इस संबंध में वरीय अधिकारियों को सूचना दी और उनके निर्देश पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
शाम 06:50 बजे सदर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने जानकारी दी कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गाड़ी मालिक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इससे पूर्व, एसपी शैशव यादव ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

भारतीय किसान महासभा से संबद्ध है संगठन
मामले के संदर्भ में भारतीय ट्रेड यूनियन से जुड़े अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि जिला किसान संघर्ष समिति का गठन एक वर्ष पूर्व हुआ था और यह भारतीय किसान महासभा से संबद्ध है। उन्होंने बताया कि संगठन का झंडा गलती से बिना लोगो के गाड़ी में लगाया गया, जिससे यह भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। उन्होंने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया और उचित कार्रवाई की अपील भी की।

इस मामले ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है, सोशल मीडिया पर लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सुपौल पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

खबरें और भी है…

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!