सुपौल: राघोपुर के रामविशनपुर चौक एनएच 27 पर दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को कुचला, मौके पर ही मौत

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामविशनपुर चौक स्थित एनएच-27 क्रॉसिंग के पास रविवार की रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामविशनपुर वार्ड संख्या-3 निवासी 40 वर्षीय शंभू दास के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह सिमराही में मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही शंभू दास एनएच-27 पर रामविशनपुर चौक के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर फट गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने मशक्कत कर बहाल कराया यातायात
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने बांस-बल्ले लगाकर एनएच-27 को जाम कर दिया। जिस कारण सड़क के दोनों तरफ दोनों लेन में करीब पांच किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान राघोपुर थाना में पदस्थापित एसआई रामबहादुर सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर काफी प्रयास के बाद जाम हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेजा गया।
मृतक के छोटे भाई बद्री कुमार दास ने बताया कि उन्हें गांववालों से सूचना मिली कि उनके बड़े भाई को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शंभू दास अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी ममता देवी और तीन छोटे पुत्र राजा कुमार (7), चंदन कुमार (6) और दिलखुश कुमार (4) को बिलखता छोड़ गए हैं। यह हादसा परिवार पर भारी दुख का पहाड़ बनकर टूटा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
इस बावत थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सड़क पर आवागमन बहाल कर दिया गया है, आगे की कार्यवाई की जा रही है।
खबरें और भी है…..
News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!