सुपौल: भपटियाही के कल्याणपुर में आरसीसी पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

SHARE:

सुपौल प्रतिनिधि;

सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर गांव में सोमवार दोपहर एक युवक का शव आरसीसी पुल के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के वार्ड नंबर एक निवासी अरुण यादव के 30 वर्षीय पुत्र अमित कुमार यादव के रूप में की गई है। शव घर से महज कुछ दूरी पर मिला, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थानाध्यक्ष संजय दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतक के मुंह और नाक से खून निकलने की बात सामने आई है, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों का भी मानना है कि अमित की हत्या कर शव पुल के नीचे फेंका गया है। शव की स्थिति में यह देखा गया कि वह पेंट, शर्ट और चप्पल पहने हुए था तथा हाथ में घड़ी भी थी।

परिजनों के अनुसार, अमित अपनी पत्नी गीता देवी के साथ चेन्नई में मजदूरी करता था और चार-पांच दिन पहले ही गांव लौटा था। वह कुछ दिन रुकने के बाद पुनः चेन्नई जाने की तैयारी में था। रविवार रात से ही वह घर से लापता था और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। परिजनों का कहना है कि उसके मोबाइल की जांच से घटना की गुत्थी सुलझ सकती है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अमित ने अंतरजातीय विवाह किया था और उसके तीन बच्चे—दो बेटियां व एक बेटा हैं। अमित अपने माता-पिता का इकलौता संतान था। उसके पिता अरुण यादव करीब 15 वर्षों से लापता हैं। बेटे की असामयिक मौत से मां चंदा देवी, पत्नी गीता देवी और बच्चे बदहवास हैं।

भपटियाही थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

खबरें और भी है…

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!