लोगों की सूझबूझ से टली बड़ी घटना, पुलिस ने मौके से लोडेड कट्टा और 6 जिंदा कारतूस किए बरामद
राघोपुर प्रतिनिधि;
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर फिर एक बार सवाल खड़े हो गए हैं। थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि वे अब सरेआम हथियार लहराकर रंगदारी करने से भी नहीं हिचक रहे। ताजा मामला शुक्रवार की सुबह का है, जब नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या 1 में जमीन सीमांकन के दौरान एक युवक ने देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी रामनारायण मेहता और किसुन मुखिया के बीच जमीन की सीमांकन प्रक्रिया चल रही थी। अमीन की उपस्थिति में मापी का कार्य चल ही रहा था कि इसी दौरान किसुन मुखिया का पुत्र प्रकाश मुखिया मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब उसे समझाने का प्रयास किया गया, तो उसने अपनी कमर से लोडेड देशी कट्टा निकालकर भीड़ पर तान दिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्परता से युवक को काबू में कर लिया और एक खंभे से बांध दिया। इस दौरान उसका हथियार हाथ से गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत राघोपुर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र झा के नेतृत्व में पुलिस टीम तीन वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक लोडेड देशी कट्टा और आरोपी की जेब से छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई है।
पीड़ित रामनारायण मेहता ने बताया कि इससे पूर्व भी प्रकाश मुखिया द्वारा गांव के अन्य लोगों को रंगदारी कर धमकाया गया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
इस घटना के बाद थाना क्षेत्र में आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सुपौल एसपी से अपील की है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।
इस बाबत राघोपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को एक लोडेड देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी है…





