सुपौल: मतदाता सूची को लेकर सिमराही में एनएच 27 पर महागठबंधन का विरोध प्रदर्शन, एक घंटे जाम रहा आवागमन

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ बुधवार को महागठबंधन ने जोरदार प्रदर्शन किया। राजद, कांग्रेस, जाप और पप्पू यादव समर्थक सहित महागठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित जेपी चौक पर एनएच 27 और एनएच 106 क्रॉसिंग को जाम कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बिहार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को वापस लेने की मांग कर रहे थे। राजद नेत्री मधु यादव, शिक्षक नेता सिकेन्द्र प्रसाद यादव, राजद नेता सह फिंगलास मुखिया प्रकाश यादव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. जमील अनवर उर्फ टुन्ना, जाप नेता बिजेंद्र यादव व अन्य नेताओं ने सरकार पर गरीब, दलित और अल्पसंख्यक समाज के मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाने का आरोप लगाया।

प्रकाश यादव ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया वंचित तबकों को मतदाता सूची से बाहर करने की साजिश है और अगर सरकार ने इसे वापस नहीं लिया तो आंदोलन तेज होगा। मधु यादव ने कहा कि महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। बिजेंद्र यादव ने इसे संविधान के खिलाफ बताया, जबकि जमील अनवर ने आरोप लगाया कि यह भाजपा की राजनीति से प्रेरित है और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है।

करीब एक घंटे तक जाम के कारण दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से परमेश्वर सिंह यादव, राजिंदर यादव, प्रदीप पांडेय, जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष सह अंचल सचिव सिकेन्द्र प्रसाद यादव, उमेश यादव, गुड्डू चौधरी, सलीमा खातून, मो. मेराज, बिंदी सादा, ओम प्रकाश यादव, निर्मल यादव, हेमकांत कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

खबरें और भी है….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!