सुपौल: श्रावण मास के अंतिम रविवार को बाबा भीमशंकर महादेव का भव्य श्रृंगार, भक्ति में डूबे श्रद्धालु

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;

सावन माह के अंतिम रविवार की रात सिमराही स्थित ऐतिहासिक बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर में भव्य श्रृंगार पूजा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। आयोजन के मुख्य यजमान के रूप में सिमराही निवासी जीतू दास एवं रामचंद भगत ने संयुक्त रूप से बाबा का मनोहारी श्रृंगार किया।

श्रृंगार पूजन के अवसर पर मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया। मंदिर के गर्भगृह सहित सभी मंदिरों को ताजे फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। शिव भक्तों की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की संख्या विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

पूजन कार्यक्रम संध्या करीब 8 बजे आरंभ हुआ, जो देर रात्रि करीब 12 बजे तक जारी रहा। जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और शिव स्तुति के बीच भक्तों ने बाबा का पूजन-अर्चन किया। बाबा का अलौकिक श्रृंगार और आकर्षक सजावट हर किसी को मंत्रमुग्ध कर गया।

श्रृंगार पूजन के दौरान रात्रि में भक्ति जागरण का भी आयोजन किया गया था, जिसमें स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकारों ने भगवान शिव की स्तुति में भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। ‘बोल बम’, ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय संजीव कुमार यादव की भी अहम भूमिका रही। यजमान के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, जलपान एवं बैठने की विशेष व्यवस्था की गई थी।

श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण यह आयोजन लोगों के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया।

खबरें और भी है….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!