राघोपुर संवाददाता;
रेफरल अस्पताल राघोपुर परिसर में शनिवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सिमराही-राघोपुर की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर संस्थान की राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगारिया, भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम, बीएचएम मो. नोमान, डॉ. राहुल झा, स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. बबीता, डॉ. शंभु सिंह आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी ने की।
शुरुआत में सभी अतिथियों ने दादी प्रकाशमणि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत अमित गुप्ता ने प्रथम डोनर के रूप में रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग रक्तदान से जुड़ते चले गए।

मुख्य अतिथि सचिन माधोगारिया ने संबोधित करते हुए कहा कि “इस ब्रह्मांड में रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। अन्य दान भौतिक सुख के लिए होते हैं, परंतु रक्तदान जीवन दान है, जो किसी के नए जीवन का आधार बनता है।” उन्होंने रक्तदान और अंगदान पर आधारित अपनी एक कविता भी सुनाई।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपनारायण राम ने कहा कि सिमराही के लोग सेवा कार्यों में हमेशा अग्रणी रहते हैं। उन्होंने बताया कि “एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचाने में सहायक होता है। विशेषकर थैलेसीमिया जैसी बीमारी से जूझ रहे बच्चों के लिए रक्तदान जीवनरेखा है।”
सेवा केंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी बबीता दीदी ने कहा कि “रक्तदान मानवता का सबसे बड़ा कार्य है। दादी प्रकाशमणि की पुण्यतिथि पर यह शिविर उनके समाजसेवी जीवन और नेतृत्व की याद दिलाता है। संस्था मूल्य-आधारित शिक्षा और आंतरिक परिवर्तन के जरिए सामाजिक व विश्व परिवर्तन का कार्य कर रही है।”
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमार किशोर भाई जी ने कहा कि शुद्ध रक्तदान के लिए व्यसन और बुराइयों से मुक्ति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिविर का लक्ष्य 100 यूनिट रक्तदान का रखा गया है।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाई जी ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
खबरें और भी हैं…….
Author: News Bihar Live
Post Views: 199





