राघोपुर संवाददाता;
दरभंगा में कांग्रेस पार्टी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सुपौल के सिमराही बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगारिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता की अध्यक्षता रही। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले को जूता-चप्पल की माला पहनाकर नगर भ्रमण किया और तत्पश्चात जेपी चौक पर लाकर पुतले को आग के हवाले कर दिया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद”, “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” और “महागठबंधन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगारिया ने कहा कि राहुल गांधी की सभा में प्रधानमंत्री और उनकी स्व. माता को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी केवल पीएम ही नहीं बल्कि देश की जनता का अपमान है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी देश से माफी मांगें और संबंधित व्यक्ति पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हो।
भाजपा जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने कहा कि कांग्रेस के पप्पू और महागठबंधन समर्थकों ने केवल प्रधानमंत्री की माता का ही नहीं बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति का अपमान किया है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। वहीं नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने कहा कि पहले सुपौल में तिरंगे का अपमान और अब दरभंगा की रैली में मातृत्व का अपमान राजनीति की अब तक की सबसे बड़ी नीचता है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रो. बैद्यनाथ भगत ने कहा कि क्या राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए इतने नीचे स्तर तक जा सकते है। कहा कि लगातार बिहार और देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी ने कहा कि पूरा देश कांग्रेस नेताओं की इस हरकत से आक्रोशित है।
इस मौके पर विश्वजीत भगत, प्रशांत वर्मा, सुनील नायक, विजय सिंह, भरत सिंह, राधेश्याम भगत, दिलीप पूर्वे, चंदू दास, कृष्णा दास, किशोर दास, रमन झा, कमलेश प्रधान, सुभम राज, अविनाश सन्नी, प्रमोद साह, विजय मंडल, देवादित्य सेन, सुमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खबरें और भी है…..





