11 साल बाद दिखी रोशनी, रेलवे ट्रैफिक ब्लॉक के बाद गाडर चढ़ाने का कार्य शुरू
सुपौल विशेष संवाददाता;
सुपौल जिला के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के लोगों का वर्षों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। करीब 11 साल से अधर में लटकी राघोपुर रेलवे गुमटी पर एनएच-106 के ऊपर बन रही आरओबी का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को रेलवे से ट्रैफिक ब्लॉक मिलने के बाद निर्माण एजेंसी ने रेलवे लाइन के ऊपर लोहे का गाडर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि वर्ष 2014 में एनएचआई ने इस आरओबी का निर्माण कार्य शुरू किया था। लेकिन बीच-बीच में काम ठप रहने से लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान कई बार स्थानीय लोगों ने सरकार और विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन भी किया। तीन साल पहले समाजसेवी सागर यादव के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना भी दिया गया, जिसके बाद पुराने संवेदक को हटाकर नया संवेदक नियुक्त किया गया और काम में तेजी आई।
पांच दिन का ट्रैफिक ब्लॉक
राघोपुर स्टेशन अधीक्षक रामकुमार ने बताया कि डीआरएम कार्यालय से एजेंसी को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रेलवे लाइन के ऊपर कार्य की अनुमति दी गई है। इस दौरान गाडर चढ़ाने का कार्य पूरा करना है। इसके बाद 15 सितंबर को ढलाई कार्य को लेकर फिर से ट्रैफिक ब्लॉक मिलेगा।
ट्रैफिक जाम से रही परेशानी
गाडर चढ़ाने के कारण शुक्रवार को एनएच-106 पर करीब 4 से 5 घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहा और छोटी-बड़ी गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। इस दौरान आरपीएफ और एनएचआई के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
खुशी की लहर
रेलवे के ट्रैफिक ब्लॉक और गाडर चढ़ने के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि “देर से ही सही, लेकिन अब बहुत जल्द आरओबी का सपना पूरा होगा। इससे घंटों रेलवे फाटक पर इंतजार और जाम से मुक्ति मिलेगी।”
खबरें और भी हैं……





