सुपौल के सिमराही बाजार में अपराधियों का खौफ! पुलिस की नाकामी से बिफरे व्यापारी, रविवार को संपूर्ण बाजार बंद

SHARE:

राघोपुर संवाददाता:

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में अपराधियों का खौफ चरम पर है। 10 सितम्बर को सर्राफ ज्वेलर्स में हुई डकैती की शक्ल में भीषण चोरी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यहाँ अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस पूरी तरह पंगु हो चुकी है।
स्थानीय व्यापारियों का सब्र अब टूट चुका है। पुलिस की लापरवाही और अपराधियों की बढ़ती मनमानी के खिलाफ रविवार को संपूर्ण बाजार बंद रहेगा।

शनिवार की संध्या व्यापार संघ के अध्यक्ष ललित जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित आपात बैठक में व्यापारी भड़क उठे और सर्वसम्मति से बंदी का ऐलान कर दिया।

व्यापारियों का सीधा आरोप – पुलिस अपराधियों की साझीदार

व्यापारियों ने साफ कहा – “घटना के दिन ही हम बाजार बंद करने को तैयार थे, लेकिन राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने अपराधियों तक पहुँचने के लिए 36 घंटे का समय माँगा। समय तो निकल गया, लेकिन पुलिस एक अपराधी तक को नहीं पकड़ सकी। साफ है कि पुलिस अपराधियों की ढाल बनकर काम कर रही है।”

बंदी के दौरान कड़ा संदेश
• जीवन रक्षक दवाइयों को छोड़कर सिमराही बाजार की हर दुकान और प्रतिष्ठान बंद रहेगा।
• यह बंद सिर्फ़ आक्रोश नहीं, बल्कि पुलिस-प्रशासन को चेतावनी है कि अब व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे।
• अगर अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र होगा।

सिमराही बाजार पुलिस के भरोसे नहीं, अपराधियों के रहमो-करम पर”

व्यापारियों ने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ऐसा लग रहा है कि सिमराही बाजार पुलिस के नहीं, बल्कि अपराधियों के कब्जे में है। लोग दहशत में जी रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

खबरें और भी हैं…….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!