सुपौल: राघोपुर में मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार देशी कट्टा, पिस्टल व उपकरणों का जखीरा बरामद

SHARE:

सुपौल संवाददाता;

राघोपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार निर्माण के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके घर से भारी मात्रा में देशी कट्टा, पिस्टल, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रामबिशनपुर पंचायत के तुरकाही गांव वार्ड संख्या 1 निवासी गणेश ठाकुर (58 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके घर से पांच देशी कट्टा, एक सेमी ऑटोमेटिक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के अलावा 20 प्रकार के हथियार निर्माण उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़ा, रेती, पाइप, सुम्भा, छेनी, पिलास और भांती मशीन (लोहे गर्म करने का उपकरण) शामिल हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गणेश ठाकुर अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण और बिक्री करता है। सूचना को सत्यापित करने और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम जब शुक्रवार को तुरकाही गांव स्थित गणेश ठाकुर के घर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई, जहां आंगन में बने एक दुकाननुमा कमरे से हथियारों और उपकरणों का जखीरा बरामद हुआ।

भाई से सीखी थी हथियार बनाने की कला

पूछताछ के दौरान आरोपी गणेश ठाकुर ने खुलासा किया कि उसने हथियार बनाने की कला अपने भाई महेश ठाकुर से सीखी थी। बताया जाता है कि महेश ठाकुर पूर्व में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है और फिलहाल फरार है।

गणेश ठाकुर ने यह भी स्वीकार किया कि वह गद्दी गांव निवासी मो. रहीमुद्दीन के पुत्र मो. परवेज के ऑर्डर पर हथियार तैयार करता था और अब तक कई बार तैयार हथियार उसे दे चुका है। आरोपी ने यह भी बताया कि उसकी पत्नी रेखा देवी और बेटा हरिशंकर ठाकुर भी इस गैरकानूनी काम में उसका सहयोग करते थे। हालांकि पुलिस जब उनके ठिकाने पर पहुंची तो दोनों मौके से फरार पाए गए।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने सभी बरामद हथियारों और उपकरणों को विधिवत जप्ती सूची के तहत सील कर जब्त किया और आरोपी गणेश ठाकुर को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इस संबंध में राघोपुर थाना कांड संख्या 404/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस सफल छापेमारी अभियान में एसडीपीओ बीरपुर सुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, पुअनि शिशुपाल रविदास, स्वीटी कुमारी, रामबहादुर सिंह, मुकुल आजाद सहित सिपाही शिवनारायण दास, कृष्णा कुमार, तम्मना परवेज, सोवराती और डीआईयू टीम शामिल रही।

इस पूरे मामले की जानकारी एसपी सुपौल शरथ आर. एस. ने सुपौल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि जिले में अपराध और अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और इसमें राघोपुर पुलिस की यह कार्रवाई बेहद सराहनीय है।

एसपी ने कहा — “अवैध हथियार निर्माण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और चुनावी अवधि के दौरान कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा।”

खबरें और भी है…….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!