सुपौल संवाददाता;
नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 3 में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर के सामने स्थित एक निजी तालाब में स्थानीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन कुमार (21 वर्ष) पिता उपेंद्र साह, निवासी वार्ड संख्या 3 के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, छठ पूजा को लेकर तालाब पर घाट निर्माण का कार्य चल रहा था। उसी दौरान चंदन भी वहां पहुंचा और स्नान करने लगा। स्नान के क्रम में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया। बताया जाता है कि चंदन मंदबुद्धि भी था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में उसे तालाब से बाहर निकाला और तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर ले जाने लगे, लेकिन कुछ लोगों के उकसाने पर शव को लेकर एनएच 106 पर करजाइन रोड स्थित रामचंद्र चौधरी के घर के पास सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों का आरोप था कि तालाब पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सतेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करवाया। लगभग एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया।
कार्यपालक पदाधिकारी विना वैशाली ने बताया कि वार्ड संख्या 3 स्थित सरकारी पोखर पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाट निर्माण पर रोक लगाई गई थी। वहीं नगर क्षेत्र के अन्य 27 छठ घाटों पर समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह घटना छठ पर्व के दौरान नहीं घटी है, बल्कि सुबह के समय हुई घटना की उन्हें विस्तृत जानकारी नहीं है।
खबरें और भी है…..





