राघोपूर

राघोपूर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही वार्ड 15 अंतर्गत गम्हरिया उपशाखा नहर पर बने रेलवे पुल के समीप गुरुवार अहले सुबह करीब पांच बजे एक दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। ललितग्राम से पटना जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर उनकी जान चली गई। घटना रेलवे पुल के पिलर संख्या 106 के पास हुई।
मृतक की पहचान राघोपूर थाना क्षेत्र के फिंगलास पंचायत अंतर्गत परसरमा गांव वार्ड संख्या 6 निवासी 65 वर्षीय धीरेंद्र यादव के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने पटरी किनारे एक व्यक्ति का सिर कटा हुआ शव देखा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपूर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान की जा सकी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि धीरेंद्र यादव गुरुवार सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। उन्हें कम दिखाई देता था। बाद में लोगों से सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे, जहां ट्रेन से कटने से उनकी मौत होने की पुष्टि हुई।
इस संबंध में राघोपूर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
खबरें और भी हैं





