राघोपूर (सुपौल)
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही क्षेत्र में नगर में प्रवेश करने वाली लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर स्वागत द्वार लगाए गए हैं। नगर को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने के उद्देश्य से यह कार्य नगर पंचायत द्वारा कराया गया है। हालांकि वार्ड संख्या 3 के पार्षद के विरोध के चलते वार्ड संख्या 3 अंतर्गत एनएच-106 करजाइन रोड एवं हॉस्पिटल रोड पर, लखीचंद साहू उच्च विद्यालय के समीप स्वागत द्वार नहीं लगाया जा सका है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कई वार्ड पार्षदों ने बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से कार्यपालक पदाधिकारी और मुख्य पार्षद के बीच चल रहे आपसी खिंचतान के कारण नगर क्षेत्र में विकास कार्य लगभग ठप पड़े हुए थे। इस दौरान नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में कुल 72 विकास योजनाओं का प्रस्ताव पारित किया गया था और उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपी गई थी।
वार्ड पार्षदों ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी विना वैशाली द्वारा अब तक कुल 48 योजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चयनित एजेंसियों को कई योजनाओं का कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। इनमें से लगभग आधा दर्जन योजनाओं पर कार्य भी प्रारंभ हो गया है, जबकि शेष योजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि स्वागत द्वार के साथ-साथ नगर क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों पर साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि नगर में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके। वार्ड पार्षदों के अनुसार, स्वागत द्वार से जुड़ी ये योजनाएं पहले ही सशक्त स्थायी समिति द्वारा स्वीकृत की गई थीं।
खबरें और भी है…



