सुपौल : एनएच-27 पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से महिला व गर्भस्थ शिशु की मौत

SHARE:

सिमराही (सुपौल)

सुपौल जिला के सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर पुराने सिनेमा हॉल के समीप गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 8 माह की गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतिका का फाइल फोटो

हादसा इतना भीषण था कि महिला के पेट में पल रहा गर्भस्थ शिशु भी बाहर निकल गया और उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मृतका की पहचान ललित ग्राम थाना क्षेत्र के डेगरी वार्ड संख्या 5 निवासी भुनेश्वर प्रसाद सिंह की 8 माह की गर्भवती बहू संगीता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भुनेश्वर प्रसाद सिंह अपनी बहू संगीता कुमारी और उसकी बहन को बाइक से राघोपुर स्थित केएन डिग्री कॉलेज में बीए की परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। इसी दौरान सिमराही बाजार के पास एनएच-27 पर पुराने सिनेमा हॉल के समीप यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के पास पहले से एक माल लदा ट्रक (संख्या BR 09GC 1463) सड़क किनारे खड़ा था। बाइक चालक भुनेश्वर प्रसाद सिंह अपनी बाइक (संख्या BR 01CS 6017) को साइड से निकालने का प्रयास कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक (संख्या HR 46E 5794) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गर्भवती महिला संगीता कुमारी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान बाइक चला रहे मृतका के ससुर भुनेश्वर प्रसाद सिंह और उसकी बहन बाल-बाल बच गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!