राघोपुर (सुपौल)
सुपौल जिला के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर मचे हाहाकार के बीच शनिवार को प्रशासन हरकत में दिखा। जिलाधिकारी के निर्देश पर राघोपुर बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव और एमओ अमर कुमार ने सिमराही बाजार स्थित विभिन्न होटलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि अधिकांश होटल संचालक कॉमर्शियल (व्यवसायिक) गैस सिलेंडर का उपयोग कर रहे थे, जबकि कुछ जगहों पर जलावन के माध्यम से खाना पकाया जा रहा था। अधिकारियों ने होटल संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी व्यवसायिक प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद बीडीओ और एमओ राघोपुर स्थित गणपति एचपी गैस एजेंसी पहुंचे, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों उपभोक्ता अपने-अपने सिलेंडर के साथ लंबी कतार में खड़े मिले। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया कि वे घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन एजेंसी संचालक द्वारा कुछ लोगों को साइड से सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाता है। इससे आम और खास के बीच भेदभाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोग रात के तीन बजे से ही घर छोड़कर गैस के लिए लाइन में लग जाते हैं, फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता।
इस संबंध में बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और यदि किसी भी व्यवसायिक स्थल पर घरेलू गैस का उपयोग करते हुए पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं….




