राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र के घरहरा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 5 में सोमवार की दोपहर करीब 11 बजे ग्राम कचहरी के एक पंच पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने छुरा से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घायल की पहचान घरहरा पंचायत के वार्ड संख्या 4 निवासी मो. मजबूल (55 वर्ष), पिता स्व. मो. मोसिम, हाता टोला के रूप में हुई है। वह अपने पंचायत में ग्राम कचहरी के पंच के पद से निर्वाचित सदस्य है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मो. मजबूल सोमवार की सुबह अपने घर से खेत में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान घर से कुछ ही दूरी पर मो. सज्जाद के घर के समीप पहले से घात लगाए लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि मो. नदीम ने अपने हाथ में लिए छुरा से उनके शरीर पर कई जगह वार कर दिया। इस दौरान मो. तहरिम, मो. कलाम, अजिमा खातून और गुनसनोवार खातून भी मौजूद थे। हमले में मो. मजबूल गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजनों के अनुसार कुछ दिन पूर्व गांव में 10 धुर जमीन को लेकर मो. राशिद और मो. कलाम के बीच विवाद हुआ था। इस मामले को सुलझाने के लिए सामाजिक पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें मो. मजबूल भी पंच के नाते शामिल हुए थे। पंचायत में समझौता नहीं होने पर मो. राशिद ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन दिया था, जिसमें मो. मजबूल ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपित पक्ष के लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव द्विवेदी ने बताया कि घायल के शरीर पर करीब 8 स्थानों पर गंभीर जख्म पाए गए हैं और काफी मात्रा में खून बह चुका था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने भी अस्पताल पहुचकर अपना इलाज करवाया।
इस बावत राघोपूर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं….




