सुपौल : ईद व रामनवमी को लेकर राघोपुर थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन सख्त

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार मंडल मौजूद रहे। बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गण्यमान नागरिकों तथा दोनों समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार मंडल ने कहा कि रमजान के समापन पर मनाए जाने वाले ईद पर्व तथा रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ सम्पन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों ईदगाह, मस्जिद, पूजा पंडाल एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही नमाज अदा करने की व्यवस्था और रामनवमी शोभायात्रा के रूट चार्ट की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा अश्लील एवं द्विअर्थी गीतों के प्रसारण पर भी सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सभी पर्व पूर्व की भांति आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे।
इस अवसर पर बैद्यनाथ भगत, अताउर रहमान, शैलेन्द्र सिंह, संत अमरजीत, कुंदन चौधरी, मित्तन यादव, प्रमोद साह, सुरेंद्र मंडल, अभिनंदन दास, बिनोद यादव, विजय मंडल, सुभाष यादव, दिलीप पूर्वे, जयशंकर चौधरी, गोपाल चांद, राधेश्याम भगत, अनुज गिरी सहित कई लोग उपस्थित।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!