सिमराही (सुपौल)।
सुपौल जिला के नगर पंचायत सिमराही स्थित पाटलिपुत्रा सेंट्रल स्कूल का 25वां स्थापना दिवस बुधवार की संध्या सिल्वर जुबली समारोह के रूप में भव्य तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिमराही स्थित होटल हैवेन परिसर में किया गया, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत सिमराही की उप पार्षद यशोदा देवी एवं विशिष्ट अतिथि उप मुख्य पार्षद विनीता देवी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के निदेशक बी. के. सिंह ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण योगदान देते हुए क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और आगे भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से किया गया, जिससे उपस्थित लोग देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
खबरें और भी हैं….




