सुपौल : राघोपुर में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग का टूटा पैर, गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित स्टेशन रोड एनएच-106 पर रविवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक बाइक की जोरदार टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर वार्ड-4 निवासी लगभग 60 वर्षीय नथुनी मंडल के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नथुनी मंडल सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों एवं मौजूद बाइक सवारों की तत्परता से घायल बुजुर्ग को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे में उनका पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है।
परिजनों के अनुसार, नथुनी मंडल अपनी बेटी के ससुराल सिमराही वार्ड-13 में अपने दामाद अभिरंजन सिंह के यहां आए हुए थे। रविवार सुबह वे किसी आवश्यक कार्य से बाजार जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।
वहीं, बाइक सवार की पहचान किशनपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी महानंद कुमार मंडल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी नई-नवेली पत्नी के साथ मोतीपुर से धरहरा महादेव मंदिर पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!