राघोपुर (सुपौल)
बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को राघोपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में विभिन्न विभागों की ओर से भव्य प्रदर्शनी सह जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी सतेंद्र कुमार यादव, एमओ अमर कुमार एवं लेबर इंस्पेक्टर सुबेश कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रदर्शनी में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जीविका, मनरेगा, प्रखंड आपूर्ति विभाग, श्रम विभाग, जल एवं स्वच्छता समिति, बाल विकास परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा कृषि विभाग सहित कई विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां गर्भवती महिलाओं के लिए आयोजित ‘गोदभराई’ तथा बच्चों के ‘अन्नप्राशन’ कार्यक्रम का जीवंत प्रदर्शन किया गया। बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव ने स्वयं एक महिला की गोदभराई कराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
इसके अलावा प्रखंड आपूर्ति विभाग की ओर से पिपराही की रीना देवी, देवीपुर की पूनम देवी, कंचन देवी एवं रेखा देवी को नए राशन कार्ड वितरित किए गए। वहीं मनरेगा स्टॉल पर पंजीकृत मजदूरों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए, जिससे लाभुकों में खुशी देखी गई।
इस मौके पर सीडीपीओ लक्ष्मी कुमारी, अजय कुमार, डीलर जगदेव यादव, एलएस प्रभा कुमारी, रूपम कुमारी समेत कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी रही, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर बिहार दिवस के अवसर पर इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, ताकि आम जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी सीधे तौर पर मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश-विदेश में पहचान बना रहे हैं और इस तरह के कार्यक्रम उन्हें और सशक्त बनाने में सहायक हैं।
खबरें और भी हैं …..




