सुपौल: राघोपुर रेलवे गुमटी कल से पूरी तरह हो सकती है बंद, आरओबी चालू होने के बाद से रेल प्रशासन सख्त

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

30 मार्च से आवागमन पूरी तरह बदलेगा, स्थानीय लोगों की बढ़ी चिंता

राघोपुर प्रखंड के नगर पंचायत सिमराही स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 106 (नया एनएच 131) पर बने रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के चालू होने के बाद अब राघोपुर रेलवे गुमटी (ढाला) को स्थायी रूप से बंद करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सोमवार 30 मार्च से गुमटी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रेलवे विभाग की टीम ने पूर्व से ही गुमटी स्थल पर बैरिकेडिंग, तकनीकी जांच और अन्य औपचारिकताएं शुरू कर दी थीं। अब अंतिम आदेश के तहत गुमटी को पूरी तरह बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुभाष कुमार ने पूर्व में ही गुमटी बंद करने के निर्देश जारी होने की पुष्टि की थी।
सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय
रेल प्रशासन का कहना है कि आरओबी चालू होने के बाद गुमटी को चालू रखना सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है। बार-बार गेट खोलने-बंद करने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में स्थायी समाधान के तौर पर गुमटी को बंद किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की बढ़ी परेशानी
गुमटी बंद होने की खबर से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि अब एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए करीब एक किलोमीटर लंबे आरओबी का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ेंगे।
विशेषकर पैदल यात्री, साइकिल सवार और छोटे व्यवसायी इस बदलाव से सबसे अधिक प्रभावित होंगे। लोगों ने कहा कि आरओबी निर्माण एजेंसी के द्वारा मुख्य पुल के दोनों ओर सीढ़ी नहीं बनाया गया है, जिसकारण पुल के पास के निवासी सहित पैदल यात्री को परेशानी का सामना करना पर सकता है।
जाम से मिली राहत, पर बदली दिनचर्या
करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने आरओबी के शुरू होने से वर्षों पुरानी जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली है। पहले ट्रेन गुजरने के दौरान गुमटी बंद रहने से वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी, लेकिन अब आवागमन निर्बाध हो गया है।
वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
इधर, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गुमटी बंद होने के बाद आम लोगों के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग या सर्विस लेन की व्यवस्था की जाए, ताकि दैनिक जीवन प्रभावित न हो।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि रेल प्रशासन गुमटी बंद होने के बाद स्थानीय लोगों की सुविधाओं को लेकर क्या कदम उठाता है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!