राघोपुर (सुपौल)।
“न्यूज बिहार लाइव” की खबर एक बार फिर पूरी तरह सही साबित हुई। पूर्व में ही इस कार्रवाई की जानकारी देने के बाद सोमवार को नगर पंचायत सिमराही स्थित एनएच-106 (नया एनएच-131) पर राघोपुर रेलवे गुमटी समपार संख्या 15बी (ढाला) को प्रशासनिक निगरानी में स्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
रेलवे और प्रशासन की संयुक्त टीम ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुमटी बंद करने की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम बीरपुर के निर्देश पर बीडीओ राघोपुर सतेंद्र कुमार यादव दंडाधिकारी के रूप में मौके पर मौजूद रहे, वहीं थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। 
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नए रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के चालू होने के बाद इस गुमटी को चालू रखना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिम भरा था। बार-बार गेट खोलने-बंद करने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, इसलिए स्थायी समाधान के तहत इसे बंद करने का निर्णय लिया गया।
करीब 10 करोड़ की लागत से बने आरओबी के शुरू होने से वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली है। अब वाहनों का आवागमन निर्बाध हो गया है और लोगों का समय भी बच रहा है।
हालांकि, गुमटी बंद होने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी बढ़ी हैं। आसपास के मोहल्लों के लोगों को अब एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए लगभग एक किलोमीटर लंबे आरओबी का सहारा लेना पड़ रहा है। खासकर पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और छोटे दुकानदारों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आम लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग या सर्विस लेन की व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि आरओबी के दोनों ओर सीढ़ी या पैदल रास्ता नहीं होने से दैनिक आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं।
👉 गौरतलब है कि “न्यूज बिहार लाइव” ने रविवार को ही इस कार्रवाई की सूचना प्रकाशित कर दी थी, जिस पर आज पूरी तरह मुहर लग गई।
खबरें और भी हैं…..




