सुपौल: सिमराही में फर्जी फोन-पे मैसेज दिखाकर किराना दुकानदार से ठगी, पिता ने लौटाए पैसे

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

सुपौल जिला के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में एक किराना दुकानदार से फर्जी फोन-पे मैसेज दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। घटना बुधवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक युवक ने किराना दुकान से सामान खरीदने के बाद फोन-पे से भुगतान करने का दावा किया और दुकानदार को फर्जी ट्रांजैक्शन मैसेज दिखाकर भरोसे में ले लिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब दुकानदार ने अपने खाते की जांच की, तो कोई राशि प्राप्त नहीं होने पर उसे ठगी का एहसास हुआ।
स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवक की पहचान की गई। बताया जाता है कि वह राघोपुर थाना परिसर स्थित कोसी कॉलोनी का निवासी है और उसके पिता सिंचाई विभाग में क्लर्क हैं। पीड़ित दुकानदार संत अमरजीत जब आरोपी के घर पहुंचा, तो वहां उसकी बाइक खड़ी मिली, लेकिन युवक फरार था।
इसी दौरान शोर-शराबा सुनकर आरोपी के पिता शंभू नाथ चौधरी बाहर आए। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने पुत्र मनीष कुमार की गलती स्वीकार करते हुए दुकानदार को पूरी राशि वापस कर दी और माफी भी मांगी।
मौके पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने युवक को बुलाने को कहा, लेकिन पिता ने डर के कारण उसे नहीं बुलाया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।
घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने अगले दिन थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!