सुपौल: ट्विनिंग ऑफ स्कूल कार्यक्रम: राघोपुर के हुलास विद्यालय के 70 छात्र पहुंचे पॉलिटेक्निक कॉलेज, तकनीकी शिक्षा से हुए रूबरू

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

सुपौल जिला के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हुलास द्वारा बुधवार को ट्विनिंग ऑफ स्कूल कार्यक्रम के तहत एक प्रेरणादायी शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के 70 छात्र-छात्राओं को प्रधानाध्यापक तरुण राज ने हरी झंडी दिखाकर पॉलिटेक्निक कॉलेज, करजाईन के लिए रवाना किया। इस अवसर पर 8 शिक्षक-शिक्षिकाएं भी बच्चों के मार्गदर्शन हेतु साथ रहे।
पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आधुनिक तकनीकी प्रयोगशालाओं, आईसीटी कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय, यूथ एवं इको क्लब सहित कई शैक्षणिक इकाइयों का अवलोकन किया। कॉलेज के शिक्षकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने छात्रों को इंजीनियरिंग एवं व्यावसायिक शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिससे बच्चों को तकनीकी शिक्षा के प्रति नई समझ और रुचि विकसित हुई।
इस दौरान छात्रों ने प्रयोगशालाओं में चल रही गतिविधियों को करीब से देखा और कई उपकरणों की कार्यप्रणाली को समझा। भ्रमण के दौरान बच्चों में जिज्ञासा और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों के लिए नाश्ता एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई थी, जिससे पूरा कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
प्रधानाध्यापक तरुण राज ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, हुलास को राघोपुर प्रखंड का एक मॉडल स्कूल माना जाता है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया जाता है।

खबरें और भी है….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!