सुपौल: डुमरी में भाजपा का प्रशिक्षण महाभियान 2026: कार्यकर्ताओं को संगठन व विचारधारा का दिया गया प्रशिक्षण

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर प्रखंड के डुमरी स्थित विवाह भवन में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राघोपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष आलोक चौधरी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास, संगठनात्मक संरचना और कार्यशैली से अवगत कराना रहा। अध्यक्ष आलोक चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और जनसेवा के उद्देश्यों को बेहतर ढंग से समझते हैं और उसे जन-जन तक प्रभावी तरीके से पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने आगामी 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस को लेकर विशेष तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर घर तक पार्टी का झंडा पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सात सत्रों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में जिला प्रभारी सह बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सदस्य अनुरंजन झा ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर प्रशिक्षण दिया। द्वितीय सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रो. बैद्यनाथ भगत ने इतिहास एवं विकास पर विस्तार से जानकारी दी। तृतीय सत्र में विजय कुमार सिंह ने कार्य विस्तार की दृष्टि पर अपने विचार रखे।
चतुर्थ सत्र में विनीता देवी ने कार्यपद्धति एवं कार्यकर्ता प्रबंधन पर प्रकाश डाला, जबकि पंचम सत्र में निवर्तमान जिलाध्यक्ष राम कुमार राय ने सरकार की उपलब्धियों एवं क्रियान्वयन पर चर्चा की। षष्ठम सत्र में प्रभु कुमार मेहता ने सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप एवं सरल ऐप के उपयोग पर प्रशिक्षण दिया। वहीं अंतिम सत्र में सीमा कुशवाहा ने बूथ प्रबंधन, मन की बात, टिफिन बैठक एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषि बतौर अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

खबरें और भी है…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!