राघोपुर (सुपौल)
नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या-2 में रविवार को सात दिवसीय दुर्लभ सत्संग एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत बेनी बाबा मंदिर (पावर ग्रिड के समीप) से निकली विशाल कलश यात्रा से हुई। लगभग एक किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में करीब एक हजार महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश रखकर तेज धूप में नंगे पैर भक्ति भाव से यात्रा करती नजर आईं, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए हाई स्कूल रोड और रामनगर रोड से होकर कथा स्थल पहुंची। इस दौरान “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। श्रद्धालु भगवा वस्त्रों में सुसज्जित थे, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। रास्तेभर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन के मुख्य कथावाचक ऋषिकेश से पधारे ब्रह्मचारी संत श्री गोविन्द दास जी महाराज हैं। वे प्रतिदिन सुबह 5 बजे नित्य प्रार्थना, 6 बजे प्रभातफेरी तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन देंगे। कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान मिल रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी तपेश साह उर्फ रमेश साह, श्रीमती कैली देवी एवं समस्त नगरवासियों द्वारा निभाई जा रही है।
इस अवसर पर डॉ. पी.के. रंजन, लक्ष्मण गुप्ता, सहदेव साह, मनीष पाण्डेय, प्रतोष पाण्डेय, सतीश पांडेय, पुनित साह, मिथलेश साह, सजीत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा है।
खबरें और भी है……



