सुपौल राघोपुर आरओबी पर भीषण सड़क हादसा: गर्भवती महिला समेत दो घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही स्थित एनएच-106 ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक गर्भवती महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, भपटियाही थाना क्षेत्र के सदानंदपुर वार्ड संख्या 4 निवासी सचिन कुमार अपनी चचेरी बहन जयंती कुमारी को राघोपुर स्थित के.एन. डिग्री कॉलेज में प्रैक्टिकल परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज पर गलत दिशा से आ रही सिल्वर रंग की बुलेट मोटरसाइकिल, जिस पर तीन युवक सवार थे, ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुलेट सवार मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना में अपाचे बाइक और आर-वन-फाइव बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना ले गई।
इधर, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. वीपीन तिवारी व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया। गर्भवती जयंती कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जबकि सचिन कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी जांच की जा रही है। घायल सचिन कुमार ने बताया कि वे अपनी बहन को परीक्षा दिलाने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
मामले को लेकर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी है……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!