सुपौल: राघोपुर थाना से महज 100 मीटर दूर मंदिर में चोरी, लगातार वारदातों से पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

SHARE:

दान-पात्र तोड़कर 25-30 हजार की चोरी, आसपास के इलाकों में भी हाल के दिनों में बढ़ी घटनाएं

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शुक्रवार की रात की है, जहां थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित बाबा बजरंग बली मंदिर (सिमराही) का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने दान-पात्र से नकदी राशि की चोरी कर ली। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंदिर के पुजारी राजेश कुमार झा ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की रात करीब 9 बजे मंदिर का मुख्य गेट बंद कर अपने गांधीनगर स्थित आवास चले गए थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो दान-पात्र भी क्षतिग्रस्त था और उसमें रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की राशि गायब थी। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय लोगों को दी गई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। बीते कुछ दिनों से थाना के आसपास ही लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। कुछ दिन पूर्व थाना परिसर से सटे दक्षिण दिशा में स्थित एक बुलेट बाइक गैराज में भी चोरों ने हजारों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया था। वहीं थाना के सामने एनएच-106 के पूर्वी भाग में स्थित एक किराना दुकान से दिनदहाड़े सामान चोरी होने की घटना भी सामने आ चुकी है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। खास बात यह है कि घटनाएं थाना के बेहद नजदीक हो रही हैं, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
इस संबंध में पुजारी द्वारा राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इन घटनाओं पर कितनी जल्द अंकुश लगा पाती है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!