सुपौल: सिमराही में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान शुरू, कार्यकर्ताओं को संगठन व विचारधारा की दी गई गहन जानकारी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 किनारे बतराण चौक स्थित एक होटल परिसर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा की सिमराही नगर एवं राघोपुर उत्तर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव की अध्यक्षता में भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का अंगवस्त्र देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिन तीन अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
पहले सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए पार्टी के गठन से लेकर वर्तमान तक के विकास यात्रा को विस्तार से बताया। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान का उल्लेख करते हुए संगठन की मजबूती में उनके भूमिका को रेखांकित किया।
प्रशिक्षण के आरंभ से पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक सुनिश्चित करना ही संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
दूसरे सत्र में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैद्यनाथ भगत ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की मजबूती उसके प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक दक्षता बढ़ती है और वे चुनावी रणनीति को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
तीसरे सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा “मन की बात” जिला प्रभारी विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यपद्धति एवं अनुशासन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है, जिससे संगठन की जड़ें और मजबूत होंगी।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार राय, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, ममता झा, जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष भरत सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी धीरेंद्र यादव एवं सागर यादव को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन भी विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन एवं जनसंपर्क को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!