सुपौल संवाददाता;
जिले के वीरपुर अनुमंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के रीडर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को हुई इस कार्रवाई के बाद जिले भर के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरपुर के एक केस में पीड़ित से सहयोग के बदले रीडर द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इस संबंध में पीड़ित ने निगरानी विभाग को शिकायत दी थी। शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी की टीम ने योजना बनाकर रीडर को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगेहाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार को सूचित किया गया। उन्होंने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विजिलेंस टीम द्वारा उन्हें सूचना दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में हलचल मच गई है। कर्मचारी इस कार्रवाई को लेकर आपस में चर्चा करते नजर आए। यह मामला न केवल प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी रीडर के खिलाफ निगरानी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई है और जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा चुके हैं। मामले की जांच जारी है।
खबरें और भी है….





