राघोपुर (सुपौल)।
पवित्र रमजान माह के अवसर पर रविवार की संध्या जनता हॉस्पिटल सिमराही के सौजन्य से रामनगर रोड स्थित मिथिला उत्सव भवन में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों रोजेदारों ने शामिल होकर विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों के साथ रोजा खोला और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इफ्तार पार्टी में खजूर, फल, शरबत सहित कई तरह के लजीज व्यंजन परोसे गए, जिसका रोजेदारों ने भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जनता हॉस्पिटल के संचालक सुभाष पांडेय ने बताया कि उनके द्वारा प्रत्येक वर्ष रमजान के पवित्र महीने में रोजेदारों के लिए इफ्तार पार्टी का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द की भावना मजबूत होती है तथा विभिन्न समुदायों के बीच एकता का संदेश फैलता है।
उन्होंने आगे कहा कि समाज में अमन-चैन और सद्भाव बनाए रखने के लिए इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर होना आवश्यक है।
इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में रोजेदार उपस्थित हुए।
खबरें और भी हैं…..




