राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर से सुबह करीब 10 बजे तीन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को मिथिला हाट के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राघोपुर सत्येन्द्र कुमार यादव ने प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप एनएच-106 सड़क पर हरी झंडी दिखाकर परिभ्रमण दल की बस से रवाना किया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत आयोजित किया गया।
इस मौके पर बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है, जिससे वे अपनी संस्कृति, परंपरा और विरासत को नजदीक से समझ सकें। उन्होंने कहा कि मिथिला हाट जैसे सांस्कृतिक स्थल का भ्रमण बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक है और इससे उनकी जिज्ञासा, समझ तथा रचनात्मक सोच का विकास होता है।
परिभ्रमण कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय राघोपुर ग्राम के प्रधानाध्यापक विशेश्वर कुमार विमल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बत्तरान के प्रधानाध्यापक राज कुमार रजक तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहलीपट्टी के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ठाकुर अपने-अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शामिल हुए।
इस दौरान जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव विवेकानंद कुमार तथा परमंडलीय उपप्रधान सचिव सिकेंद्र प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे। इसके अलावा शिक्षक सुरेंद्र मंडल, गोपाल ठाकुर, प्रेमलता कुमारी, मुकेश कुमार, निर्मल कुमार, अजय कुमार और मंजू कुमारी सहित कई शिक्षक मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं अनुशासित तरीके से भ्रमण कराने की जिम्मेदारी ली। वहीं छात्र-छात्राओं में मिथिला हाट भ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने बस में सवार होकर खुशी-खुशी अपने शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत की।
खबरें और भी हैं….




