सुपौल:
मुख्यमंत्री Nitish Kumar द्वारा सुपौल जिले में आयोजित समृद्धि यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास एवं समीक्षा की गई। जानकारी देते जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित निर्मली प्रखंड के निर्मली रिंग बांध की मरम्मति एवं सुदृढ़ीकरण कार्य, जो अब पूर्ण हो चुका है, का उद्घाटन एवं स्थल निरीक्षण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अनुमंडल निर्मली कार्यालय के सामने मैदान में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और कई सरकारी योजनाओं के लाभुकों को लाभ भी प्रदान किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सुपौल जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 84 योजनाओं (लगभग 435 करोड़ रुपये) का शिलान्यास तथा 129 योजनाओं (लगभग 135 करोड़ रुपये) का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान निर्मली अनुमंडल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी सावन कुमार ने विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि छातापुर एवं त्रिवेणीगंज प्रखंड में सुरसर नदी के चैनलाईजेशन एवं क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वीरपुर में नए निबंधन कार्यालय भवन के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा सुपौल स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके अलावा बाबा तिल्हेश्वर नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण तथा तिल्हेश्वरनाथ मंदिर से सुखपुर बाजार तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। त्रिवेणीगंज एवं पिपरा बाजार के बाईपास निर्माण को राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-327 ई की परसरमा-अररिया परियोजना में शामिल किया गया है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि सुपौल में नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए अवार्ड तैयार किया जा रहा है और शीघ्र ही विभाग स्तर से निविदा जारी होगी। वहीं वीरपुर अनुमंडल में प्रस्तावित वीरपुर हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है। राजस्व विभाग के कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में दाखिल-खारिज के 25,849 वादों में से 21,169 का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं परिमार्जन प्लस के तहत लंबित 5,10,585 वादों में से 38,658 का निष्पादन किया गया है।
महिला शिक्षा को प्रोत्साहन देने के तहत मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट) प्रोत्साहन योजना में 7,704 छात्राओं को 19.26 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना में 16,071 छात्राओं को 80.35 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए जिले के 6 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू करने हेतु संबंधित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भवन और भूमि का चयन कर लिया गया है। कृषि क्षेत्र में हर खेत तक सिंचाई का पानी के तहत मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना में 11,471 लक्ष्य के विरुद्ध 10,217 कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, शेष कनेक्शन मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के अंतर्गत 2392 वार्डों में से 2228 वार्डों में 24,020 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं, जबकि शेष कार्य मार्च 2026 तक पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 988 लक्ष्य के विरुद्ध 942 लाभार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें 924 को पहली, 720 को दूसरी तथा 379 लाभार्थियों को तीसरी किश्त मिल चुकी है। इसके तहत अब तक 62.09 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। वहीं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5,18,648 लाभुकों को 10 हजार रुपये की प्राथमिक निवेश निधि प्रदान की गई है। शेष 17,905 आवेदकों को मार्च 2026 तक भुगतान करने की प्रक्रिया जारी है। वीरपुर हवाई अड्डे के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि छोटे विमानों के संचालन के लिए चहारदीवारी का निर्माण किया जा चुका है और वर्तमान 1080 मीटर रनवे को बढ़ाकर 3040 मीटर किया जाएगा। इसके लिए 88.83 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। खाद्य आपूर्ति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में राशन कार्ड में दर्ज 20,64,851 सभी व्यक्तियों को लाभ दिया जा रहा है। साथ ही नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त 2,00,811 आवेदनों में से 1,59,134 राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक सारथ आर एस ने जिले की विधि-व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2024 की तुलना में हत्या, डकैती, लूट, चोरी, दंगा, बलात्कार एवं दहेज मृत्यु जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है और पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी हैं…..




