राघोपुर (सुपौल):
राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत में सरकारी राशि के गबन के मामले में लंबे समय से फरार चल रही आरोपी पूर्व मुखिया मीरा देवी के आवासीय परिसर पर सोमवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने अपने दल-बल के साथ पूर्व मुखिया के घर पहुंचकर ढोल-नगाड़े बजाए और न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चिपकाया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर दर्जनों पुलिस बल के साथ मौके पर सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद थे।
क्या है पूरा मामला:
संलग्न दस्तावेजों के अनुसार, यह मामला वित्तीय वर्ष 2020-21 में 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत को प्राप्त अनुदान राशि (Tied एवं Untied) की अवैध निकासी और गबन से जुड़ा है। नियमानुसार 1 अप्रैल 2021 के बाद सभी लेन-देन पीएफएमएस (PFMS) प्रणाली के माध्यम से होना था, लेकिन डुमरी पंचायत की पूर्व मुखिया मीरा देवी (पति- स्व. विपिन चौधरी) और पंचायत सचिव सीताराम झा ने नियमों की अनदेखी करते हुए 5 चेकों के माध्यम से कुल 9 लाख 75 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली थी।
तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी (राघोपुर) विनीत कुमार सिन्हा द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर इस मामले में राघोपुर थाने में 4 जुलाई 2021 को कांड संख्या- 166/21 दर्ज किया गया था। यह प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 409, 420 और 34 के तहत दर्ज की गई थी।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई:
.मामला दर्ज होने के बाद से ही इस कांड में आरोपी पूर्व मुखिया मीरा देवी लगातार फरार चल रही हैं। अंततः एसीजेएम (ACJM) बीरपुर के न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ हाजिर होने का इश्तेहार (Proclamation) जारी किया गया है। इसी आदेश के अनुपालन में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने पुलिस बल के साथ डुमरी गांव स्थित उनके आवास पर यह इश्तेहार चिपकाया। यदि आरोपी जल्द ही न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करती हैं, तो आगे उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की सख्त कार्रवाई की जा सकती है। यह जानकारी थानाध्यक्ष राघोपुर अमित कुमार ने दी।
खबरें और भी हैं……




