राघोपुर;

सुपौल जिले के सिमराही बाजार स्थित टेकनिया वर्ल्ड स्कूल के छात्र ऋषभ कुमार ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऋषभ, सिमराही वार्ड संख्या-4 निवासी अनिल साह के पुत्र हैं।
ऋषभ की इस उपलब्धि पर उनके पिता अनिल साह ने कहा कि यह टेकनिया वर्ल्ड स्कूल के शिक्षकों की कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है कि उनके बेटे ने यह कठिन परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली ने उनके पुत्र को यह सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय के निदेशक अतुल वर्मा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि टेकनिया वर्ल्ड स्कूल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बहुआयामी विकास प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में संगीत, कंप्यूटर, खेलकूद, योग एवं भारतीय परंपराओं के अनुरूप संस्कार देने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
ऋषभ की इस सफलता को सम्मानित करने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्र को प्रोत्साहित किया जाएगा।
विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने भी ऋषभ की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





