प्रॉपर्टी डीलरों पर जमीन की कीमत बढ़ाने के लिए भिसी को सड़क में तब्दील करने की कोशिश का आरोप, सिंचाई विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल
राघोपुर (सुपौल)
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत गम्हरिया उप शाखा नहर में 50 पुला के समीप सिंचाई के लिए बनी भिसी को कथित रूप से काटकर पूरी तरह समतल कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भिसी की मिट्टी भी काटकर बेच दी गई है। इससे आसपास के किसानों के बीच सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा उक्त भिसी को सड़क के रूप में विकसित करने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि एनएच-27 के दक्षिणी हिस्से में सड़क के समानांतर सिमराही की ओर जाने वाली इस भिसी को समतल कर उसके आसपास की जमीन को सड़क से जुड़ा हुआ दिखाकर ऊंची कीमत पर बेचने की योजना है। इस पूरे मामले में स्थानीय सिंचाई विभाग के अधिकारियों की कथित मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।
लोगों का कहना है कि भिसी को क्षतिग्रस्त किए जाने से आसपास के अन्य रैयतों को सिंचाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यदि सिंचाई के पारंपरिक रास्ते को निजी स्वार्थ के लिए समाप्त कर दिया गया तो इसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने, भिसी की वास्तविक स्थिति का पता लगाने तथा सरकारी जलस्रोत को क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भिसी को पूर्ववत बहाल कर सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
इस बावत सिचाई विभाग के सहायक अभियंता सौरभ कुमार ने बताया की मामले की जानकारी मिली है, स्थल का जांच कर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।
खबरें और भी है…..




