सुपौल;
सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया पंचायत स्थित रानीपट्टी नहर सह सड़क पर सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक मासूम सहित चार लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान अररिया जिले के कुसमहौल वार्ड 1 निवासी अंकज कुमार (24) पिता सदानंद सरदार और अमित कुमार (22) पिता अभिनंदन सरदार के रूप में हुई है। वहीं, सुपौल जिले के गौड़हारा वार्ड 4 निवासी मो. सलीम (28) पिता मो. किस्मत साफी और उनका छोटा बेटा मो. सादिक भी घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मो. सलीम अपने पुत्र मो. सादिक के साथ कवियाही से छातापुर जा रहे थे। इसी दौरान रानीपट्टी नहर सह सड़क पर सामने से आ रही एक बाइक, जो रॉन्ग साइड से तेज गति में थी, उनकी बाइक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर
घटना के तुरंत बाद घायल मो. सलीम ने किसी तरह छातापुर स्थित अपने रिश्तेदारों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए छातापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, मासूम मो. सादिक को मामूली चोटें आई हैं, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बाइक इस हादसे की वजह बनी।
खबरें अभी और है…..





