रामनवमी पर राघोपुर के गणपतगंज में निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों रामभक्त हुए शामिल

SHARE:

राघोपुर संवाददाता;

सुपौल के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गणपतगंज में रविवार को रामनवमी के पावन अवसर पर बजरंगबली मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्तों ने भाग लिया और जय श्रीराम के नारों के बीच पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। शोभायात्रा बजरंगबली मंदिर से प्रारंभ होकर गणपतगंज मैन चौक, एनएच 106, पिपरा रोड, किशनपुर मोड़, मारवाड़ी टोला, दुर्गा मंदिर रोड, अस्पताल के सामने की गली, गर्ल्स स्कूल रोड होते हुए वापस एनएच 106 से होकर गणपतगंज मैन बाजार होते हुए पुनः बजरंगबली मंदिर प्रांगण में समापन किया गया। यात्रा के दौरान भगवा ध्वज और जय श्रीराम के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जो रामभक्ति गीतों पर झूमते हुए पूरे जोश के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। राम-सीता की आकर्षक झांकी रथ पर सवार होकर यात्रा का केंद्र बिंदु बनी रही। नगर की गलियों से गुजरती इस शोभायात्रा में स्थानीय लोगों का भी भरपूर उत्साह देखने को मिला। महिलाएं भी इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल हुईं। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शरबत आदि की व्यवस्था की गई थी।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शोभायात्रा के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुवेश कुमार को तैनात किया गया था, जबकि थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैद दिखे।

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!