सुपौल | संवाददाता
सुपौल जिले के लौकहा थाना क्षेत्र के गंगापट्टी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर लौट रहे परसरमा गांव निवासी मोहम्मद जहांगीर की तीन अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधी मृतक से 28 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जहांगीर बरुआरी पंचायत में मकान की छत ढलाई का काम कर लौट रहे थे। इस दौरान गैस गोदाम के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लौकहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक शैशव यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष आलमगीर अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मृतक जहांगीर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके चार बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
एसपी के लौटने के बाद परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। टायर जलाकर विरोध कर रहे लोगों को शांत कराने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति बिगड़ते देख एसपी शैशव यादव पुनः मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन देकर माहौल शांत कराया।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी ने घटना से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि देखी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
खबरें और भी है…





