सुपौल संवाददाता;
जिले में अतिक्रमण को लेकर चल रही लापरवाही पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। डीएम ने सुपौल, त्रिवेणीगंज, पिपरा, वीरपुर, सिमराही और निर्मली नगर परिषद/नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों (ईओ) से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनके जून माह के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है।
यह कार्रवाई अतिक्रमण के खिलाफ पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनदेखी और अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के चलते की गई है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि जब तक संबंधित ईओ अपने-अपने क्षेत्र से अतिक्रमण नहीं हटाते, उनका वेतन स्थगित रहेगा।
डीएम का यह फैसला आम जनता को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश नगर क्षेत्रों में अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद नगर निकायों में हलचल मच गई है और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
खबरे और भी हैं….





