राघोपुर संवाददाता;

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित करजाइन रोड पर बुधवार की रात करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमराही वार्ड संख्या 6 निवासी भगवान पूर्वे के करीब 25 वर्षीय पुत्र भोला पूर्वे के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जेपी चौक से करजाइन रोड की ओर अपने साइड से स्कूटी चला रहा था, उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेन ने सामने दूसरी वाहन को ओवरटेक करते हुए नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक का सिर क्रेन के चक्के के नीचे बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने मौके पर पहुंचकर क्रेन को जब्त कर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने पहले करजाइन रोड स्थित एनएच 106 और फिर जेपी चौक स्थित एनएच-27 व एनएच-106 के क्रॉसिंग को जाम कर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।
जाम के दौरान लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उधर, सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
खबरें और भी है….





